BJP सांसद अनंत कुमार हेगड़े पर हॉस्पिटल स्टाफ के साथ मारपीट का आरोप
punjabkesari.in Saturday, Jan 07, 2017 - 02:07 PM (IST)

नई दिल्ली: कर्नाटक के सिरसी से बीजेपी सांसद अनंत कुमार हेगड़े की मनमानी करने की एक घटना सामने आई है। उन पर डॉक्टरों की पिटाई करने का मामला सामने आया है। जिस पर उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है। दरअसल, 3 जनवरी को सिरसी के उत्तरा कन्नड़ जिले के एक प्राइवेट हॉस्पिटल का वीडियो सामने आया था उसमें अनंत कुमार कुछ डॉक्टरों को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। जांच में पता लगा कि डॉक्टर उनके मां की इलाज में कथित रूप से देरी कर रहे थे जिसकी वजह से मारपीट हुई।
खबर के मुताबिक अनंत कुमार की मां की टांग टूट गई थी। जिस डॉक्टर की पिटाई हुई उनका नाम मधुकेश्वर है। मारपीट के बाद अनंत कुमार ने डॉक्टर से माफी भी मांगी। शुरुआत में तो मधुकेश्वर ने उन्हें माफ कर दिया था लेकिन बाद में शिकायत दर्ज करवाने का फैसला कर लिया। इसके बाद शुक्रवार (6 जनवरी) को केस दर्ज हुआ। हॉस्पिटल के डॉक्टर सात जनवरी को एक विरोध प्रदर्शन करने के बारे में भी सोच रहे हैं। अनंत कुमार के साथ उनके दोस्त कृष्ण हेसले के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अनंत कुमार ने डॉक्टर का गला पकड़ा हुआ है और वह पूरे हॉस्पिटल में उसे धक्का दे रहे हैं। अनंत कुमार ने डॉक्टर के चेहरे पर कई मुक्के भी मारे थे। हॉस्पिटल के मुताबिक, दो डॉक्टरों की पिटाई की गई थी। मार्च 2016 में भी उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। आरोप था कि उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्लाम धर्म को आतंक से जोड़कर दिखाने की कोशिश की।