sunjay kapurs property: 30 हजार करोड़ की दौलत पर अब करिश्मा के बच्चों की नजर? सामने आई बड़ी डिमांड!

punjabkesari.in Monday, Jul 28, 2025 - 02:15 PM (IST)

नई दिल्ली: देश की नामी ऑटोमोबाइल कंपनी सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिवार में संपत्ति को लेकर तनाव चरम पर पहुंच गया है। करीब 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक रहे संजय की मौत के बाद अब उनके उत्तराधिकार को लेकर कई पक्ष सामने आ रहे हैं। इस बहस में अब उनकी पूर्व पत्नी और मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर का नाम भी जुड़ गया है।

अचानक निधन और उठते सवाल
12 जून 2025 को लंदन में पोलो मैच के दौरान संजय कपूर का निधन हो गया था। पहली नजर में इसे दिल का दौरा बताया गया, लेकिन संजय की मां रानी कपूर को इस पर शक है। उनका कहना है कि बेटे की मौत एक साजिश हो सकती है, जिसे हादसे का नाम दिया जा रहा है। रानी कपूर के वकील वैभव गग्गर ने बयान जारी कर कहा कि "हमारे पास कुछ ऐसे सबूत और सवाल हैं, जो संजय की मौत को रहस्य में बदलते हैं। हम न्याय की लड़ाई लड़ेंगे।"

रानी कपूर ने ये भी आरोप लगाए हैं कि बेटे की मौत के तुरंत बाद उनसे कुछ दस्तावेजों पर दबाव डालकर हस्ताक्षर करवाए गए। उन्होंने कंपनी की बोर्ड मीटिंग रद्द करने की मांग की थी, जिसे खारिज कर दिया गया। हालांकि उन्होंने अभी तक औपचारिक कानूनी कार्रवाई नहीं की है, लेकिन इरादे साफ हैं कि वे जल्द ही कोई ठोस कदम उठा सकती हैं।

संपत्ति विवाद में अब करिश्मा की एंट्री!
अब इस पूरे मामले में संजय कपूर की दूसरी पत्नी रहीं करिश्मा कपूर का नाम भी चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करिश्मा अपने बच्चों समायरा और कियान के लिए संपत्ति में वैध हिस्सेदारी की मांग कर सकती हैं। हालांकि संजय और करिश्मा का तलाक 2016 में हो चुका है, लेकिन उनके दोनों बच्चे संजय कपूर की संतान हैं और कानूनन पिता की संपत्ति में उनका हक बनता है।

सूत्रों का कहना है कि करिश्मा इस मामले में कानूनी विकल्पों पर विचार कर रही हैं। हालांकि, अभी तक न तो करिश्मा और न ही उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। दूसरी ओर, कपूर परिवार ने भी इस बारे में चुप्पी साध रखी है।

तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव भी सामने आईं
संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव भी इस संपत्ति विवाद में अब एक्टिव हो गई हैं। उन्होंने भी पारिवारिक अधिकारों और संपत्ति से जुड़े मुद्दों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इस बात से साफ है कि आने वाले दिनों में यह मामला और जटिल हो सकता है।

  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Anu Malhotra

Related News