‘रोटेशनल मुख्यालय’ की मांग को लेकर कारगिल बंद, प्रदर्शन

Wednesday, Feb 13, 2019 - 11:29 AM (IST)

श्रीनगर : कारगिल में माइनस 8 तापमान के बावजूद हजारों लोगों ने सरकार के एस.आर.ओ. 110 में संशोधन करने और कारगिल और लेह दोनो क्षेत्रों में ‘रोटेनेशनल मुख्यालय’ की मांग को लेकर चौथे दिन भी बंद के बीच विरोध प्रदर्शन किया।  इसी बीच कारगिल में हो रहे प्रदर्शन में धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक संगठनों के साथ सरकारी कर्मचारी भी शामिल हो गए हैं। 


प्रदर्शन का नेतत्व एस.आर.ओ. 110 के खिलाफ बने संयुक्त प्रतिरोध आंदोलन में सभी धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक नेताओं के अलावा कार्यकारी मुख्य कार्यपालक पार्षद एल.ए.एच.डी.सी. कारगिल द्वारा किया गया। इस दौरान संयुक्त प्रतिरोध आंदोलन ने एस.आर.ओ. 110 के खिलाफ बुधवार से मांगों के पूरा होने तक सरकारी कार्यालयों को बंद रखने का आह्वान किया है। इस आह्वान का कर्मचारी संयुक्त एक्शन समिति कारगिल ने भी समर्थन दिया है। 


बता दें कि राज्य के राष्ट्रपति शासन के चलते गत दिनों राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने लद्दाख को डिवीजन व लेह को इस मुख्यालय बनाने का आदेश जारी किया था। इसके बाद से कारगिल के लोग सडक़ों पर हैं। लोगों की मांग है कि लेह व कारगिल जिलों को रोटेशन पर छह छह महीनों के लिए डिवीजन मुख्यालय बनाया जाए। कारगिल वासियों को लेह को स्थायी तौर पर लद्दाख का डिवीजनल मुख्यालय बनाया जाना मंजूर नहीं है।


जानकारी के अनुसार हजारों लोगों ने कारगिल के डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी कि लोगों की जायज मांग न माने जाने की स्थिति में आंदोलन के दायरे को और बढ़ाया जाएगा। सोमवार शाम को लद्दाख डिविजन के डिवीजनल कमिश्नर ने शाम को कारगिल में आने की कोशिश की थी। भीड़ ने उनका रास्ता रोक कर उन्हें वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया था। गुस्साएं लोगों ने कारगिल में रात के समय शून्य से 17 डिग्री कम तापमान में सरकार विरोधी नारेबाजी की। कारगिल के निवासियों के इस प्रदर्शन को कश्मीर केंद्रित पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी व नेशनल कांफ्रेंस की ओर से समर्थन दिया जा रहा है।
 

Monika Jamwal

Advertising