कांग्रेस और AAP के बीच गठबंधन नहीं, फटबंधन होगा: कपिल मिश्रा

Saturday, Jun 02, 2018 - 05:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी बीच यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा को हराने के लिए आम आदमी पार्टी और कांग्रेस एक साथ आ सकते हैं। वहीं इस संभावित गठबंधन को लेकर बागी नेता कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं 'फटबंधन' है। 


आप के पूर्व नेता ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया जिसमें उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं 'फटबंधन' होने जा रहा है। यह फटे हुए पर पैबंद लगाने की कोशिश की जा रही है यह शर्मनाक है। क्योंकि मनमोहन सिंह, शीला दीक्षित, कपिल सिब्बल और सभी की लिस्ट बनाकर उनके घोटालों के किस्से सुनाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया अगेंस्ट करप्शन बनाकर आम आदमी पार्टी बनाई गई और आज कुर्सी के लिए कांग्रेस के सामने घुटने टेक रहे हैं। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी अपना अस्तित्व बचाए रखने के लिए गठबंधन की कोशिश कर रही है। 

कपिल ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच हाई लेवल पर बातचीत जारी है। उन्होंने दावा किया कि मनीष तिवारी और आशीष खेतान के बीच कई राउंडमीटिंग हुई है। अरविंद केजरीवाल खुद मनमोहन सिंह के घर भी गए हैं। मिश्रा ने कहा कि गठबंधन के लिए आम आदमी पार्टी में तत्परता दिख रही है लेकिन कांग्रेस वेट एंड वॉच का गेम खेल रही है। आप के पूर्व नेता ने वीडियो के साथ दिए कैप्शन में लिखा कि Cong - AAP Alliance गठबंधन नहीं फ़ट बंधन हैं, केजरीवाल हो रहे हैं डेस्पेरेट, कांग्रेस खेल रही हैं वॉच एंड वेट।

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को दावा किया कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में उसके साथ गठबंधन करने की कोशिश में है। आप के राष्ट्रीय प्रवक्ता दिलीप पांडे ने कहा कि कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेता आप के संपर्क में हैं। हालांकि दिल्‍ली कांग्रेस अध्‍यक्ष अजय माकन ने इस चुनाव पूर्व गठबंधन की संभावना से इनकार किया है। 

vasudha

Advertising