अहमदाबाद विमान क्रैश पर कंगना रनौत ने जाहिर किया दुख, बोलीं- यह खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक

punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 05:28 PM (IST)

नेशनल डेस्क. गुजरात के अहमदाबाद में आज यानि गुरुवार, 12 जून हुए एक भीषण विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। एयर इंडिया का एक विमान दुर्भाग्यवश दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 242 यात्री सवार थे। इस दुखद घटना में यात्रियों के बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है, जिससे हर तरफ शोक का माहौल है।

पलक झपकते ही हुआ हादसा

PunjabKesari

यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना उस समय हुई जब एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद से उड़ान भर रहा था। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद यह विमान क्रैश हो गया। आसमान में धुएं का गुबार उठते ही स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लग गया। हालांकि, अभी तक मरने वालों की आधिकारिक संख्या सामने नहीं आई है, लेकिन आशंका है कि यह आंकड़ा काफी अधिक हो सकता है।

कंगना रनौत ने व्यक्त की संवेदना

इस हृदय विदारक घटना पर बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। कंगना ने ट्वीट कर लिखा, "अहमदाबाद विमान हादसे की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की कामना करती हूं। ईश्वर इस संकट की घड़ी में सभी प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करें।" अपने बेबाक बयानों और विचारों के लिए सुर्खियों में रहने वाली कंगना ने इस दुखद घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

राहत और बचाव कार्य जारी, केंद्र सरकार का सहयोग

PunjabKesari

हादसे की जानकारी मिलते ही तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी गुजरात के मुख्यमंत्री से बात की है और इस मुश्किल समय में राज्य को हर संभव केंद्रीय सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Parminder Kaur

Related News