‘कंबाला’ को अनुमति देना भारत पर ‘काला धब्बा’: पेटा

Monday, Feb 13, 2017 - 07:02 PM (IST)

नई दिल्ली: कर्नाटक विधानसभा द्वारा पारंपरिक भैंसा दौड़ कंबाला को वैध बनाने के लिए विधेयक पारित किए जाने पर पशु अधिकारों से जुड़े संगठन पेटा ने आज कहा कि जानवरों पर इस प्रकार की ‘क्रूरता’ की अनुमति देना ‘शर्मनाक’ है और यह भारत के लिए ‘काला धब्बा’ है। पेटा ने कहा कि पशु अधिकारों के प्रति सम्मान के लिए दुनिया भर के देश भारत की प्रशंसा करते रहे हैं लेकिन आज हम इस मामले में ‘पीछे’ की आेर बढ़े हैं, जबकि दूसरे देश सर्कस, सांड़ों की लड़ाई और अन्य क्रूर खेलों में जानवरों के इस्तेमाल को प्रतिबंधित करके आगे की आेर बढ़े हैं। 

पेटा इंडिया की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईआे) पूर्वा जोशीपुरा ने कहा, ‘जानवरों पर इस तरह की क्रूरता की अनुमति देना हमारे देश पर शर्मनाक काला धब्बा है।’ लोगों के दबाव में और तमिलनाडु सरकार द्वारा जल्लीकट्टू को इजाजत दिए जाने की पृष्ठभूमि में कर्नाटक विधानसभा ने आज भैंसा दौड़ कंबाला और बैलगाड़ी दौड़ को वैध बनाने वाले विधेयक को पारित कर दिया। विधानसभा में सभी पार्टियों ने इस कदम का समर्थन किया। 

Advertising