''ज्योतिरादित्य को घोषित किया जाए मध्यप्रदेश का सीएम उम्मीदवार''

Wednesday, Feb 14, 2018 - 03:16 PM (IST)

शिवपुरी: मध्यप्रदेश में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के राज्य में बिना किसी चेहरे के ही आगामी विधानसभा चुनाव लडऩे की बात कहे जाने के अगले ही दिन आज पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक केपी सिंह ने कहा कि पार्टी को ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर देना चाहिए। शिवपुरी जिले के कोलारस में चुनाव प्रचार के दौरान आज यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान सिंह ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से इस पक्ष में हैं कि पार्टी को सिंधिया को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया जाना चाहिए, जिससे मुख्य विधानसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिले।

उन्होंने कहा कि इस समय सिंधिया मध्यप्रदेश में सबसे युवा नेता हैं, उनके कार्य करने की शैली से सभी परिचित हैं और सब उन्हें पसंद करते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वैसे मुख्यमंत्री का चेहरा प्रस्तुत करना या नहीं करना, इसका फैसला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को ही करना है। कोलारस और अशोकनगर जिले के मुंगावली उपचुनाव के बारे में सिंह ने कहा कि उपचुनाव प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रमाणपत्र देगा कि वह जनता के प्रिय है या नहीं और दूसरी तरफ कांग्रेस का भी भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में कांग्रेस एवं भाजपा प्रत्याशी प्रतीक मात्र हैं, मुख्य मुकाबला मुख्यमंत्री चौहान और कांग्रेस सांसद सिंधिया के बीच है।

Advertising