इस नेता ने आदिवासी के घर बिताई रात, बनाईं रोटियां(Pics)

Tuesday, Nov 08, 2016 - 02:42 PM (IST)

उमरियाः कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के आदिवासियों के घर रात बिताने के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के शहडोल लोकसभा उपचुनाव के पहले शहडोल जिले से लगे उमरिया जिले के एक गांव में एक आदिवासी के घर रात बिताई।  उमरिया जिले के बड़वाही गांव में श्री सिंधिया ने बीती रात इस दौरान आदिवासी परिवार के चूल्हे पर रोटियां बनाने में भी हाथ आजमाया। उन्होंने आदिवासियों के साथ नृत्य किया और खाना खाया। 

लोगों से चौपाल पर चर्चा 
इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा भी मौजूद थे। गांव में अपने इस कार्यक्रम के बारे में सिंधिया ने ट्वीट करते हुए भी बताया है - बड़वाही में आदिवासी परिवार के यहां रात्रि विश्राम के दौरान गांव के लोगों से चौपाल पर चर्चा की। आदिवासी भाइयों के साथ लोकसंगीत एवं नृत्य का आनंद लिया। रात्रि भोजन सबके साथ मिलकर खाने और खिलाने का आनंद और उल्लास ही अलग है। 

चूल्हे पर रोटियां बनाती तस्वीर 
चूल्हे पर रोटियां बनाती अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए सिंधिया ने कहा है कि बड़वाही के किसान कुशाम सिंह, जिनके घर रात्रि विश्राम किया था, उनकी रसोई में रोटियां बनाने में भी हाथ आजमाया। इस कार्यक्रम के पहले सिंधिया ने शहडोल जिले के धनपुरी, बुढार और शहडोल में रोड शो भी किया। यहां कई नुक्कड़ सभाओं में सिंधिया ने भाजपा पर करोड़पति लोगों की पार्टी होने का आरोप लगाया। शहडोल उपचुनाव के तहत 19 नवंबर को मतदान होना है, जिसके परिणाम 22 नवंबर को आएंगे। यहां से भाजपा सांसद दलपत सिंह परस्ते के निधन के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। कांग्रेस ने यहां से हिमाद्री सिंह और भाजपा ने ज्ञान सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। 

Advertising