16 नवंबर को पद संभाल सकते हैं त्रिपुरा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति कुरैशी : सूत्र

Wednesday, Nov 13, 2019 - 06:26 PM (IST)

नई दिल्ली: त्रिपुरा उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश अकील कुरैशी 16 नवंबर को पदभार संभालेंगे। न्यायमूर्ति सुभाष तलपात्र से तब तक कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के तौर पर काम करने को कहा गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। त्रिपुरा उच्च न्यायालय की अगुवाई कर रहे न्यायमूर्ति संजय कारोल को हाल में पटना उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया है। उसके कई दिन बाद न्यायमूर्ति कुरैशी को आठ नवंबर को त्रिपुरा उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 

सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया,‘चूंकि न्यायमूर्ति कुरैशी (मुंबई उच्च न्यायालय) 16 नवंबर को पदभार ग्रहण करेंगे, त्रिपुरा उच्च न्यायालय के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति तलपात्र को मुख्य न्यायाधीश की तरह काम करने को कहा गया है।'

उच्चतम न्यायालय के कालेजियम ने इससे पहले न्यायमूर्ति कुरैशी के नाम की सिफारिश मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की अगुवाई करने के लिए की थी। किंतु सरकार द्वारा कुछ आपत्ति जताए जाने के बाद उसने अपनी सिफारिश में सुधार करते हुए उनका नाम त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के लिए भेजा था। न्यायमूर्ति कुरैशी के नाम की मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कालेजियम ने 10 नवंबर को सिफारिश की थी। 

shukdev

Advertising