CJI ने जस्टिस माहेश्वरी और जस्टिस खन्ना को SC के न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई

Friday, Jan 18, 2019 - 11:01 AM (IST)

नई दिल्ली: चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने आज न्यायमूर्ति दिनेश माहेश्वरी और न्यायमूर्ति संजीव खन्ना को सुप्रीम के न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। सरकार ने बुधवार को कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी और दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीश संजीव खन्ना को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के लिए नियुक्त किया था। प्रधान न्यायाधीश गोगोई, न्यायमूर्ति ए.के. सीकरी, न्यायमूर्ति एस. .ए बोबडे, न्यायमूर्ति एन वी रमण और न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा के पांच सदस्यीय कॉलेजियम ने 10 जनवरी को न्यायमूर्ति माहेश्वरी तथा न्यायमूर्ति खन्ना को शीर्ष अदालत का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी।

कॉलेजियम ने 12 दिसंबर 2018 को पदोन्नति के लिए राजस्थान उच्च न्यायालय और दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों क्रमश: न्यायमूर्ति प्रदीप नंद्रजोग और न्यायमूर्ति राजेंद्र मेनन के नामों पर विचार किया था लेकिन कोई निर्णय नहीं हुआ। 30 दिसंबर 2018 को कॉलेजियम के एक सदस्य न्यायमूर्ति एम.बी. लोकूर सेवानिवृत्त हो गए। न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा ने कॉलेजियम में उनकी जगह ली। 10 जनवरी को नए कॉलेजियम ने पदोन्नति के उनके प्रस्ताव को नजरअंदाज कर दिया था। भारतीय बार परिषद (बीसीआई) ने बुधवार को कई न्यायाधीशों को नजरअंदाज करके न्यायमूर्ति संजीव खन्ना की पदोन्नति की कॉलेजियम की सिफारिश पर विरोध जताया था।

Seema Sharma

Advertising