सुप्रीम कोर्ट के जज ए.के गोयल NGT के नए अध्यक्ष नियुक्त

Saturday, Jul 07, 2018 - 05:10 AM (IST)

नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय से शुक्रवार को सेवानिवृत्त हुए न्यायाधीश आदर्श कुमार गोयल को राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण (एनजीटी) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के अनुसार नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने न्यायमूर्ति गोयल को एनजीटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने के दिन से प्रभावी होगी और उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होगा। 

न्यायमूर्ति गोयल का उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शुक्रवार को आखिरी दिन था। एनजीटी के अध्यक्ष का पद न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार के गत दिसंबर में कार्यकाल पूरा होने के बाद से खाली है। न्यायमूर्ति गोयल 1974 में वकालत पेशे में आये थे और पांच साल तक पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में तथा 20 साल उच्चतम न्यायालय एवं दिल्ली उच्च न्यायालय में प्रैक्टिस की थी। 

उन्हें सितंबर 2001 में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय का न्यायाधीश बनाया गया था। सितंबर 2011 में उनका तबादला गुजरात उच्च न्यायालय में किया गया था। चार माह बाद ही उन्हें वहां का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।  न्यायमूर्ति गोयल का तबादला अक्टूबर 2013 में उड़ीसा उच्च न्यायालय में हुआ और सात जुलाई 2014 को वह सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश नियुक्त किए गए। 

 

Pardeep

Advertising