100 साल में 5वीं बार इतना सूखा रहा जून, अगले महीने अच्छी बारिश की संभावना

Sunday, Jun 30, 2019 - 01:23 PM (IST)

नई दिल्लीः दक्षिण पश्चिम मानसून में देरी के कारण पिछले कुछ दिन से गर्मी का प्रकोप जारी रहने से उत्तर भारत में लू जैसे हालात बन गए हैं और पारे में वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम केन्द्र के अनुसार क्षेत्र में अगले कुछ दिनों में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। मौसम विभाग की एक रिपोर्ट के मुताबिक बीते 100 साल में यह पांचवां जून का महीना है जो सूखा रहा। इस पूरे महीने में बारिश औसत से 35 फीसदी कम दर्ज हुई है। आमतौर पर इस महीने में 151 मिलीमीटर बारिश होती है लेकिन इस बार ये आंकड़ा 97.9 मिलीमीटर ही रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून में एक सप्ताह की देरी के कारण पश्चिमोत्तर में इसका आगमन जुलाई के दूसरे सप्ताह तक होने की संभावना है।

चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक क्षेत्र में सुबह से ही गर्मी के तेवर तीखे होने शुरू हो जाते हैं व जो दिन में पशु-पक्षी सहित सभी प्राणी झुलसने लगते हैं। दोपहर होते-होते तो यह प्रकोप काफी बढ़ जाता है। वहीं विभाग के मुताबिक 30 जून तक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव की स्थिति बन सकती है। जिससे अगले महीने के पहले हफ्ते में ओडिशा, मध्य प्रदेश और उत्तर पश्चिम भारत में अच्छी बारिश हो सकती है। अमूनन मानसून जून में शुरू होता है जो सितंबर तक रहता है। इस बार उत्तर भारत जून में मानसून से वंचित रहा। हालांकि मुंबई में भारी बारिश हो रही है। महाराष्ट्र में मानसून देरी से पहुंचा था लेकिन वहां हो रही बारिश ने उसकी भरपाई कर दी।

मध्य प्रदेश में भी कुछ शहरों में बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस साल अल-नीनो के प्रभाव के चलते मानसून कमजोर रहा। बता दें कि अल-नीनो के प्रभावित रहने से पूर्वी और मध्य प्रशांत महासागर की सतह में असामान्य रूप से गर्मी की स्थिति रहती है। जिससे हवाओं का चक्र प्रभावित होता है और यह चक्र भारतीय मानसून पर विपरीत प्रभाव डालता है। वहीं मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि जुलाई में मानसून में अच्छी रफ्तार दिखाई देगी।

Seema Sharma

Advertising