कोलकाताः बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, आज परिवर्तन रथ यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी

Saturday, Feb 06, 2021 - 04:57 AM (IST)

नेशनल डेस्कः बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश भाजपा इकाई शनिवार से परिवर्तन रथयात्रा शुरू करेगी। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा इस परिवर्तन रथयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसको लेकर वह शुक्रवार रात को ही कोलकाता पहुंच गए। नड्डा नदिया जिले के नवद्वीप में परिवर्तन रथयात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और यहां एक राजनीतिक सभा को संबोधित भी करेंगे। रथयात्रा की अनुमति को लेकर भाजपा व तृणमूल कांग्रेस आमने-सामने आ गई थीं। 

हालांकि, शुक्रवार को जिला प्रशासन ने भाजपा को परिवर्तन रथयात्रा की अनुमति दे दी है। प्रदेश भाजपा के नेताओं ने इसकी पुष्टि की है। प्रदेश भाजपा की ओर से बताया गया कि शनिवार दोपहर दो बजे के बाद नवद्वीप से नड्डा रथयात्रा को रवाना करेंगे। पांच चरणों में राज्य के सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से यह रथयात्रा गुजरेगी। रथयात्रा से पहले नड्डा सुबह मालदा जिले में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वह मालदा के शाहपुर गांव में 3,000 से ज्यादा किसानों के साथ सामूहिक भोज कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। 

भाजपा की ओर से राज्य में चलाए गए एक मुट्ठी चावल संग्रह अभियान के तहत संग्रहित किए गए अनाज से खिचड़ी बनाई जाएगी, जिसमें किसानों के साथ बैठकर नड्डा भोजन करेंगे। नड्डा का मालदा में सुबह 10 बजे मेंगो रिसर्च इंस्टीट्यूट में जाने का भी कार्यक्रम है। इसके बाद वह दोपहर साढ़े 12 बजे मालदा में फोआरा रोड से रवींद्रनाथ ठाकुर की प्रतिमा तक रोड शो भी करेंगे। भाजपा अध्यक्ष भक्ति आंदोलन के संत चैतन्य महाप्रभु को श्रद्धांजलि देंगे।

Pardeep

Advertising