एक और हादसा! जोरहट से कोलकाता जाने वाली indigo फ्लाइट रनवे से उतरी, खतरे में पड़ी यात्रियों की जान

Friday, Jul 29, 2022 - 09:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क: असम के जोरहट से कोलकाता जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट रनवे से उतर गई जिससे उसमें बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, जोरहट एयरपोर्ट के रनवे पर कुछ दूरी तय करने के बाद विमान का चक्का अचानक से रनवे से फिसलकर दलदल में फंस गया।

 

जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-757 अपने निर्धारित समय पर दोपहर 2.20 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरने के लिए रवाना हुई लेकिन रनवे पर कुछ मीटर की दूरी पर पहुंचने के बाद विमान का चक्का अचानक रनवे से उतरकर दलदल में फंस गया।

 

रनवे से उड़ान भरने के बाद अचानक हुई घटना से फ्लाइट में मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, इस विमान में कुल 98 यात्री सवार थे। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, सभा यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। यात्रियों को एयरपोर्ट के प्रतिक्षालय में ठहराया गया, साथ ही यात्रियों के खान-पान आदि की व्यवस्था भी इंडिगो प्रबंधन की तरफ से की गई।

 

इंडिगो की विमान संख्या 6ई-442 फ्लाइट रोजाना कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दोपहर 12.30 बजे उड़ान भरकर 1.50 बजे जोरहाट एयरपोर्ट पहुंचती है। बता दें कि पिछले कई दिनों से लगातार विमान में खराबी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कुछ विमान की इमरजेंसी लैंडिंग तो किसी में तकनीकी खराबी की घटनाओं के मामले सामने आए।

Seema Sharma

Advertising