महाराष्ट्र: महाकाल दर्शन जा रहे श्रद्धालुओं की कार पुल से टकराई, 4 युवकों की दर्दनाक मौत

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 11:22 PM (IST)

नेशनल डेस्क:महाराष्ट्र के परभणी जिले में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को हमेशा के लिए गहरे सदमे में डाल दिया। जिंतूर–जालना हाईवे पर अकोली नदी के पुल के पास एक मारुति अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पुल के किनारे बने कठड़े से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा बुधवार, 11 फरवरी 2026 की रात करीब 12:15 बजे जिंतूर कस्बे से लगभग चार किलोमीटर दूर हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, सभी युवक गंगाखेड़ क्षेत्र से उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए निकले थे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वाहन तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार सीधे पुल के किनारे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। स्थानीय लोगों ने तेज आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

 मौके पर जान गंवाने वाले युवक

हादसे में जिन चार युवकों की मौत हुई, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है: रोहन संजय राठोड (28 वर्ष),बालाजी आश्रोबा ओटी (26 वर्ष),अभिजीत शिंगाडे (27 वर्ष, चालक) और बालाजी घोरपडे (28 वर्ष)। इनकी मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर फैल गई।

दो की हालत गंभीर

हादसे में गणेश गोपाल रोकडे (गंभीर स्थिति में) और एक अन्य युवक (पहचान जारी) घायल हुए हैं। दोनों को पहले जिंतूर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

जिंतूर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात बहाल कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों—जैसे चालक की थकान या रात का दृश्य—की भी जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News