झारखंड: भाजपा नेता समेत 2 गिरफ्तार, बीफ के शक में हत्या का आरोप

Sunday, Jul 02, 2017 - 02:36 PM (IST)

रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ में बीफ के शक में की गई हत्या के मामले में पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक शख्स भाजपा नेता बताया जा रहा है। कथित आरोपी नेता रामगढ़ में भाजपा मीडिया सेल देखता है। इनका नाम नित्यानंद महतो और छोटू राणा हैं। दोनों आरोपी उस वायरल वीडियो में साफ देखे जा सकते हैं, जो मारे गए शख्स अलीमुद्दीन की पिटाई के वक्त बनाया गया था।

'महतो ने खुद को बेकसूर बताया'
भाजपा मीडिया सेल के इंचार्ज वरुण सिंह ने बताया कि महतो उनके साथ ही काम करता है। वह उसी इलाके में रहता है, जहां पर वह घटना घटी थी। वीडियो में महतो डीएसपी के पास खड़ा दिखाई दे रहा है। वरुण ने दावा किया कि वह घटना के बाद वहां पहुंचा था। पुलिस ने उसे जल्दबाजी में गिरफ्तार किया है। वहीं महतो ने भी खुद को बेकसूर बताते हुए कहा कि वह घटनास्थल पर काफी देर बाद पहुंचा था। वह वहां पर यह देखने गया था कि इलाके में इतनी भीड़ क्यों जमा हुई है।

क्या था मामला?
29 जून को झारखंड के रामगढ़ में भीड़ ने मीट व्यापारी अलीमुद्दीन अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। वह अपनी वैन से मांस लेकर आ रहा था। वैन में बीफ होने के शक में कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया। इन लाेगाें ने पहले उसकी गाड़ी को आग लगाई और फिर अलीमुद्दीन को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। 

Advertising