झारखंडः नाबालिग से गैंगरेप कर जिंदा जलाया, 14 आरोपी गिरफ्तार

Saturday, May 05, 2018 - 11:44 AM (IST)

नई दिल्ली: झारखंड के चतरा जिले में 16 साल की लड़की से कथित गैंगरेप के बाद उसके घर में उसपर केरोसिन छिड़क कर जिंदा जला देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है मामला?
ईटखोरी थाना क्षेत्र के राजा केंदुआ गांव में लड़की से गुरुवार रात को गैंगरेप किया गया। इस पर गांव में शुक्रवार सुबह पंचायत हुई और पंचों ने आरोपियों पर 50 हजार का दंड लगाकर मामला खत्म कर दिया था। इससे आरोपी पक्ष नाराज हो गया और उसने घर जाकर पीड़ित लड़की पर केरोसिन डालकर उसे जिंदा जिला दिया। लड़की को बचाने की कोशिश में उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस के पास पहुंचा और मामले की रिपोर्ट की।

मामले को लेकर पीड़ित परिजनों की शिकायत पर ईटखोरी थाना में गांव के 14 लोगों के खिलाफ दुष्कर्म और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। घटना के बाद सभी फरार हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए राजा केंदुआ गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।  डीसी ने राहत के लिए एक लाख रुपए का चेक अधिकारियों के माध्यम से पीड़ित परिवार को भिजवाया है।

झारखंड मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी चतरा में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और जिंदा जलाए जाने पर कहा है कि वो इस हृदयविदारक घटना से आहत हैं, एक सभ्य समाज में इस तरह की बर्बरता का कोई स्थान नहीं है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को तत्परता दिखाते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। 

Anil dev

Advertising