हंसी-खुशी जयमाला हुई, अचानक फिर दूल्हे राजा ने कर दी 'वो वाली' डिमांड, चंद ही मिनटों में...
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 10:32 AM (IST)
Jhansi wedding cancelled : एक लड़की शादी को लेकर आंखों में न जाने कितने सपने संजोती है लेकिन क्या हो जब जयमाला की रस्म भी हो जाए और डोली उठने की जगह मंडप में लात-घूंसे चलने लगें? ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला यूपी के झांसी से सामने आया है जहां खुशियों का माहौल चंद मिनटों में चीख-पुकार और हंगामे में बदल गया। लाल जोड़े में सजी दुल्हन ने दूल्हे की इस हरकत के बाद विदा होने से साफ इनकार कर दिया और शादी तोड़ दी।
जानें क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित मधुबन गार्डन का है। बारात झांसी के ही कोतवाली थाना क्षेत्र से आई थी। बारात का जोरदार स्वागत हुआ दूल्हे की अगवानी की गई और दोनों पक्षों की मौजूदगी में जयमाला की रस्म भी बेहद हंसी-खुशी संपन्न हो गई लेकिन इसके तुरंत बाद कुछ ऐसा हुआ कि शादी का जश्न जंग के मैदान में बदल गया।
अतिरिक्त पैसों की मांग पर भड़के बाराती
लड़की पक्ष का गंभीर आरोप है कि जयमाला खत्म होते ही दूल्हे वाले अपनी असली नीयत पर उतर आए। उन्होंने अचानक और रुपयों (अतिरिक्त पैसों) की डिमांड रख दी। जब वधु पक्ष ने इस नाजायज मांग को पूरा करने से मना किया तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे पक्ष के लोगों ने दुल्हन के पिता और भाई के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उन पर कुर्सियां बरसा दीं। इसके बाद शादी वाले घर में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई।
दुल्हन के जीजा का दर्द
हमने अपनी हैसियत से बढ़कर पहले ही सब कुछ दिया था। स्वागत और खाने-पीने का इतना शानदार इंतजाम किया। इतना खर्च करने के बाद भी इनकी लालच खत्म नहीं हुई। जयमाला होते ही और पैसे मांगने लगे। मना करने पर इन्होंने हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में भीषण औद्योगिक हादसा: पेपर मिल में फटा 19 लाख लीटर का केमिकल टैंक, 11 की मौत, 8 घायल
दुल्हन ने लिया कड़ा फैसला
गार्डन में मौजूद मेहमानों और रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामले को शांत कराया लेकिन तब तक बात बिगड़ चुकी थी। दूल्हे और उसके परिवार की इस हरकत को देखकर दुल्हन ने अपनी विदाई कराने और शादी करने से साफ मना कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लड़की पक्ष की तरफ से तहरीर (लिखित शिकायत) मिलते ही केस दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
