बारातियों का फ्लाइट में हंगामा, 2 घंटे तक नहीं उड़ने दिया प्लेन!

Saturday, Dec 03, 2016 - 05:50 PM (IST)

नई दिल्‍ली: मुंबई-भोपाल जेट एयरवेज की फ्लाइट में उस समय हंगामा खड़ा हाे गया, जब शादी पर जा रहे कुछ यात्रियाें ने 2 घंटे तक विमान काे उड़ने नहीं दिया। जानकारी के मुताबिक, इन यात्रियों ने अपने साथियों के आने तक फ्लाइट को उड़ने नहीं दिया। इस दौरान उन्‍होंने ना केवल जेट एयरवेज के स्‍टाफ पर दबंगई की बल्कि दूसरे यात्रियों को घूस देकर प्‍लेन से उतारने की कोशिश भी की। 

यह घटना फ्लाइट 9W 7083 में हुई जोकि मुंबई से 2 दिसंबर को सुबह 5.55 बजे उड़नी थी। लेकिन शादी में जा रहे 80 लोगों के 17 अन्‍य साथियों ने सीट ना मिलने पर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। इसके चलते विमान ने करीब 8 बजे उड़ान भरी और 9 बजकर 10 मिनट पर भोपाल पहुंचा।

रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट में गुजराती परिवार के लोगों ने दादागिरी की। उन्हाेंने विमान के दरवाजों को बंद करने से रोक दिया और अपने साथियों के आने का इंतजार करने को कहा। कंवलजीत नाम की एक महिला यात्री ने बताया कि जेट एयरवेज ने 17 लोगों की टिक‍टें ओवरबुक कर ली थी। ऐसा लग रहा था जैसे मिनी बस में सफर कर रही हूं। उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। वह कंज्‍यूमर फोरम जाएंगी। 

जेट एयरवेज ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उनका कहना है, ”बारात के सदस्‍य लोगों ने एयरलाइन के ऑफर को स्‍वीकार करने से मना कर दिया और बाकी साथियों के साथ मिलकर फ्लाइट को रोके रखा। इससे उपद्रवी स्थिति बन गई जिससे फ्लाइट 90 मिनट लेट हो गई। साथ ही विमान में बैठे बाकी लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी।” डायरेक्‍टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन(डीजीसीए) के नियमों के अनुसार फ्लाइट के उड़ने से 45 मिनट पहले चेक इन काउंटर बंद हो जाते हैं।

Advertising