भीषण हादसा: हवा भरते समय फटा JCB का टायर, हेल्पर की दर्दनाक मौ'त, 15 फीट दूर जाकर गिरा युवक (Video)
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 05:59 AM (IST)
नेशनल डेस्कः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोदरी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक निर्माणाधीन कॉलोनी के पास जेसीबी का टायर फटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पंचर बनवाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बोदरी स्थित फॉर्च्यून एलिमेंट की निर्माणाधीन कॉलोनी के पास एक जेसीबी मरम्मत के लिए पहुंची थी। जब दुकानदार टायर का पंचर ठीक करने के बाद उसमें हवा भर रहा था, तभी अचानक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया। हादसे के समय पास में ही चार लोग बैठे हुए थे, जो इस ब्लास्ट की चपेट में आ गए।
📍Bilaspur, Chhattisgarh: A helper lost his life and three others were injured after a JCB tyre reportedly exploded while being inflated at a repair shop. Four people were sitting on the tyre and talking when the blast hurled them nearly 10–15 feet into the air. The helper… pic.twitter.com/abZn6kUKOA
— Deadly Kalesh (@Deadlykalesh) June 19, 2026
15 फीट दूर जा गिरा हेल्पर
धमाका इतना भीषण था कि पास खड़ा दुकान का हेल्पर करीब 15 फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने और जबड़ा उखड़ने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका इतना शक्तिशाली था कि टायर के अंदर की लोहे की डिस्क भी निकलकर लगभग 30-40 फीट दूर जा गिरी।
इलाके में मची अफरा-तफरी
टायर फटने की जोरदार आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इस घटना में जेसीबी ऑपरेटर, मैकेनिक और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
