शरजील इमाम के बाद एक और विवादित वीडियो आया सामने, संबित पात्रा ने किया शेयर

Monday, Jan 27, 2020 - 12:40 PM (IST)

नई दिल्ली: जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के छात्र शरजील इमाम ने असम को भारत से अलग करने के वीडियो के बाद भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें  एक छात्रा सीएए के खिलाफ प्रदर्शन में भाषण दे रही है। 

वीडियो को ट्वीट करते हुए पात्रा ने लिखा, अब उस नापाक शरजील इमाम के बाद जरा इस मोहतरमा को भी सुन लीजिए- हमें किसी पे भरोसा नहीं है इस सुप्रीम कोर्ट पर भी विश्वास नहीं। अफजल गुरु निर्दोष था। रामजन्मभूमि पर मस्जिद बननी थी। दोस्तों इतने जहर की खेती (वो भी बड़े पैमाने पर उत्पादन) इन कुछ ही दिनो में तो नहीं हुई होगी?

इससे पहले भी पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुुए कहा था कि भारत की आजादी को समाप्त करने के लिए शाहीन बाग में षडय़ंत्र रचा जा रहा है। हमारे पास इसके पुख्ता सबूत हैं। उन्होंने कहा कि इस वीडियो में एक प्रवक्ता लोगों से असम का देश के बाकी हिस्सों से सम्पर्क तोडऩे की अपील कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, वीडियो में जिस तरह से राष्ट्र विरोधी भावना को भड़काया गया है, वह न केवल चिंता का विषय है, बल्कि देशद्रोही भी है।उन्होंने कहा कि यह प्रकरण दर्शाता है कि दिल्ली का शाहीन बाग दिशाहीन बाग में तब्दील हो चुका है। उन्होंने कहा, ...वीडियो में भारत के कई टुकड़े करने की बात कही गई है और असम तथा पूर्वोत्तर भारत को देश से अलग करने का षडय़ंत्र रचा जा रहा है। इसे खुले तौर पर जेहाद कहा गया है।

Anil dev

Advertising