छठे दिन भी बंद है जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग, फंसे सैंकड़ों यात्री

Monday, Feb 11, 2019 - 03:33 PM (IST)

श्रीनगर/जम्मू : कश्मीर को देश के शेष हिस्से से जोडऩे वाला श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग सोमवार को लगातार छठे दिन भी बंद रहा। विभिन्न स्थानों पर ताजा भूस्खलनों से मरम्मत का काम बाधित हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर मलबा हटाने के अभियान की समीक्षा के बाद राजमार्ग पर यातायात की अनुमति देने पर फैसला लिया जाएगा। भारी हिमपात और मूसलाधार बारिश के बाद बुधवार को राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था। हिमपात और बारिश से विभिन्न स्थानों खासतौर से जवाहर सुरंग समेत काजीगुंड-बनिहाल-रामबन के बीच हिमस्खलन तथा भूस्खलन हुआ। 


अधिकारियों ने कहा कि शनिवार को जबरदस्त ठंड और लगातार चट्टानों के पत्थर गिरने के बावजूद भूस्खलन का मलबा हटा दिया गया लेकिन रातभर केला मोड़, बैटरी चश्मा, दिगडोले, पंथियाल और खूनी नाला में ताजा भूस्खलनों से एक बार फिर सडक़ मार्ग अवरुद्ध हो गया।  उन्होंने बताया कि रविवार को पंथियाल में लगातार चट्टानों से पत्थर गिरने और हिमपात वाले इलाकों में ठंड सफाई अभियान में जुटी एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी और तंत्र काम पर है और अगर कोई भूस्खलन नहीं होता है तो रामबन से बनिहाल तक राजमार्ग को दोपहर तक यातायात के लिए साफ कर दिया जाएगा। भूस्खलन प्रभावित इलाकों का निरीक्षण करने वाले शर्मा ने बताया कि जवाहर सुरंग समेत इलाकों में बर्फ हटाने का अभियान लगभग पूरा हो गया है।  ं

Monika Jamwal

Advertising