भूस्खलन की वजह से जम्‍मू श्रीनगर राजमार्ग, मुगल रोड बंद

Friday, Aug 05, 2022 - 07:01 PM (IST)


बनिहाल/जम्मू: जम्मू कश्मीर के रामबन और पुंछ जिलों में शुक्रवार को कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और चट्टान गिरने के कारण जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और मुगल रोड को यातायात के लिए बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों के एक जत्थे सहित करीब सौ वाहन राजमार्ग पर फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण रामबन के महर और कैफेटेरिया मोड़ पर पत्थरों के गिरने से राजमार्ग अवरूद्ध हो गया।

उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए 174 तीर्थयात्रियों के काफिले को चंद्रकूट यात्रा निवास पर सड़क साफ होने तक रोका गया है।

अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के बाद भूस्खलन के कारण शुक्रवार को पुंछ में ऐतिहासिक मुगल रोड पर वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। यह सड़क जम्मू क्षेत्र में पुंछ और राजौरी जिलों को दक्षिण कश्मीर में शोपियां से जोड़ती है, जो जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का एक वैकल्पिक मार्ग है।

उन्होंने कहा कि कश्मीर की दो सड़कों की मरम्मत का काम जारी है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों को जम्मू श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात अधिकारियों की पुष्टि के बिना यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।
 

Monika Jamwal

Advertising