रामबन में फर्जी खबरे प्रसारित कर रहे कई समाचार पोर्टल पर रोक लगाई: जम्मू-कश्मीर प्रशासन
punjabkesari.in Tuesday, Aug 16, 2022 - 07:42 PM (IST)
रामबन/जम्मू : जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में छह से अधिक समाचार पोर्टल को कथित तौर पर फर्जी खबरें प्रसारित करने और केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन की छवि धूमिल करने के आरोप में मंगलवार को प्रतिबंधित कर दिया गया। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।
रामबन के जिला मजिस्ट्रेट मुसर्रत इस्लाम ने यह प्रतिबंध इन समाचार पोर्टल के खिलाफ लोगों और लोकसेवकों की ओर से उत्पीडऩ की कई शिकायतें मिलने के बाद इनके संचालकों के दस्तावेजों की पुलिस और सूचना विभाग से जांच कराने के उपरांत लगाया।
आदेश में कहा गया कि जिन पोर्टल पर रोक लगाई गई है, इनमें यूनाइटेड न्यूज उर्दू, वीडी न्यूज, न्यूज वर्स इंडिया, करंट न्यूज ऑफ इंडिया, न्यूज ब्यूरो ऑफ इंडिया, टुडे न्यूज लाइन और सीएचआरटी न्यूज संगलदन शामिल हैं, जो बिना पंजीकरण अथवा अधिकृत अधिकारी की अनुमति के चल रहे थे।