जवान ने बेटे के जन्मदिन पर आने का किया था वादा, तिरंगे में लिपट कर घर पहुंचेगा शव

Friday, Jun 23, 2017 - 07:34 PM (IST)

मुंबई: सेना के जवान संदीप जाधव ने अपने बेटे से वादा किया था कि वह जन्मदिन पर घर जरूर आएंगे, लेकिन किसी को नहीं मालूम था कि यह जवान देश के लिए शहीद होकर तिरंगे में लिपटा घर पहुंचेगा। औरंगाबाद जिले के सिलोद तहसील में जवान के गांव में सब बहुत दुखी हैं। 15वीं मराठा लाइट इंफेंटरी से जुड़ा यह 34 वर्षीय सैनिक कल पाकिस्तान के विशेष बलों द्वारा जम्मू-कश्मीर के पुंछ सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर किए गए हमले में शहीद हो गया। इसी हमले में कोल्हापुर के 24 वर्षीय सिपाही श्रवण माने भी शहीद हो गए।  

जाधव के पिता सरजेराव को जब बेटे के शहीद होने की सूचना मिली तो उन्होंने घर में टीवी तक नहीं चलने दिया ताकि संदीप का जन्मदिन मनाने की तैयारियों में लगे घरवालों को गमी की खबर ना मिले। गांव के एक व्यक्ति का कहना है कि संदीप ने अपने परिवार को आश्वासन दिया था कि वह अपने बेटे शिवम के जन्मदिन पर जरूर लौटेगा। कल घर में शिवम के जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, एेसे में सरजेराव ने टीवी चलने ही नहीं दिया। उन्होंने अपने रिश्तेदारों से भी कह दिया कि वे जाधव की पत्नी, बड़ी बेटी और अन्य लोगों को भी उनके शहीद होने की सूचना ना दें, लेकिन आज, अंतत उन्हें शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारियों के बारे में बताया गया। 

औरंगाबाद के जिलाधिकारी नवल किशोर राम ने कहा कि संदीप का शव आज शाम औरंगाबाद पहुंचेगा। लेकिन अभी तक आगे की कोई सूचना नहीं है।  वहां कोल्हापुर में भी श्रवण का परिवार उनके शव का इंतजार कर रहा है।कोल्हापुर के जिलाधिकारी अविनाश सुबेदार ने कहा कि वह जम्मू में सेना के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।  उन्होंने कहा आशा है कि पार्थिव शरीर आज शाम तक कोल्हापुर पहुंच जाएगा।

Advertising