जम्मू कश्मीर सबसे बड़ा केंद्र शासित प्रदेश, लद्दाख दूसरे पायदान पर

Monday, Aug 05, 2019 - 08:20 PM (IST)

नई दिल्लीः जम्मू कश्मीर राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के केंद्र सरकार के फैसले के बाद अब जम्मू कश्मीर, देश में आकार के हिसाब से सबसे बड़ा और लद्दाख दूसरा सबसे बड़ा केंद्र शासित प्रदेश बनने जा रहा है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने सोमवार को संविधान के अनुच्छेद 370 का निरसन कर दिया। यह अनुच्छेद जम्मू कश्मीर को विशेष राज्य का दर्जा प्रदान करता है।

इसके अलावा केंद्र ने इसे दो केंद्र शासित प्रदेशों जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख में बांटने का भी फैसला किया। केंद्र के इस कदम पर नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी जैसे क्षेत्रीय दलों ने नाराजगी जाहिर की है और भाजपा के नेताओं ने इस पर प्रसन्नता जताई है। लद्दाख के लोगों की यह पुरानी मांग थी कि उनके इलाके को एक केंद्र शासित प्रदेश बनाया जाए।

इन दो नए केंद्र शासित प्रदेशों के अस्तित्व में आने के बाद देश में ऐसे प्रदेशों की संख्या बढ़कर नौ हो जायेगी- जम्मू कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, पुडुचेरी, दीव और दमन, दादरा एवं नगर हवेली, चंडीगढ़, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह। वर्तमान में दो केंद्र शासित प्रदेशों- दिल्ली और पुडुचेरी में विधानसभाएं हैं।

जम्मू कश्मीर के इसमें शामिल होने से सरकारों वाले केंद्र शासित प्रदेशों की संख्या बढ़कर तीन हो जायेगी। सरकारों वाले केंद्र शासित प्रदेशों में उपराज्यपाल नियुक्त होते हैं। सभी केंद्र शासित प्रदेशों में दिल्ली, सबसे अधिक संख्या में लोकसभा में सांसद भेजता है।

 

Yaspal

Advertising