जम्मू-कश्मीरः पाकिस्तान की गोलीबारी में 1 जवान शहीद, 3 घायल

Saturday, Feb 08, 2020 - 10:29 PM (IST)

जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के नजदीक शनिवार को पाकिस्तान सेना की तरफ से बिना किसी उकसावे के गोलीबारी में एक जवान शहीद हो गया जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि पाकिस्तान सेना ने बिना किसी उकसावे के संघर्ष विराम का उललघंन करते हुए अपराह्न तीन बजकर 45 मिनट पर पुंछ जिले के देगवाड़ सेक्टर में छोटे हथियारों से गोलीबारी की और मोटार दागे।

उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान की तरफ से गोलीबारी में एक जवान के घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां बाद में उसकी मौत हो गयी। गोलीबारी में तीन अन्य जवान भी घायल हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।'' सूत्रों ने बताया कि भारतीय सेना भी पाकिस्तान की गोलीबारी का माकूल जवाब दिया।

गौरतलब है कि पाकिस्तान सेना ने पिछले सप्ताह भी राजौरी और पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा की नजदीक अग्रिम चौकियों पर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी कर संघर्ष विराम का उल्लघंन किया था।

 

rajesh kumar

Advertising