अजान के दौरान जामा मस्जिद के मौलाना की करंट लगने से मौ''त, परिजनों में मचा कोहराम

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 10:02 PM (IST)

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के औरंगाबाद की जामा मस्जिद में सोमवार देर शाम एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां अजान देने के दौरान बिजली के उपकरण में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवा मौलाना की जान चली गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चेंज ओवर छूते ही आया मौत का करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हापुड़ जिले के गांव दोताई निवासी कारी शेर मोहम्मद के 30 वर्षीय पुत्र मौलाना उबैदुल्ला पिछले चार वर्षों से औरंगाबाद की जामा मस्जिद में नमाज अदा करा रहे थे। सोमवार शाम करीब सवा सात बजे जब वह अजान देने के लिए मस्जिद पहुंचे और उन्होंने बिजली के चेंज ओवर को छुआ, तो उसमें उतरे जोरदार करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
मस्जिद में मौजूद नमाजी उन्हें तुरंत कार में डालकर उपचार के लिए बुलंदशहर ले गए। हालांकि, रास्ते में ही उनकी स्थिति बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। निजी चिकित्सक ने भी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक साल पहले ही हुआ था निकाह
इस हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के पिता कारी शेर मोहम्मद, जो खुद पिछले ढाई दशक से इसी मस्जिद में कार्यरत हैं, और अन्य परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया है कि मौलाना उबैदुल्ला का निकाह महज एक वर्ष पहले ही हुआ था। उनकी मौत की खबर सुनकर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सैयद हिमायत अली, पूर्व चेयरमैन अख्तर मेवाती सहित कई राजनेता और सैकड़ों ग्रामीण सांत्वना देने जामा मस्जिद पहुंचे।

पुलिस को जानकारी नहीं, बिना पोस्टमार्टम के ले गए शव
हैरानी की बात यह है कि औरंगाबाद थाना प्रभारी राहुल चौधरी ने इस पूरी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, गमजदा परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई या पोस्टमार्टम कराए ही मौलाना के शव को अपने पैतृक गांव दोताई ले गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News