''सानु इक पल चैन ना आवे...'', डांस करते-करते आया हार्ट अटैक, नई नवेली दुल्हन की मौत वायरल हुआ video

punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 08:22 AM (IST)

Heart Attack During Dance: राजस्थान के जालोर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। मोरसीम गांव में एक शादी समारोह के दौरान डांस कर रही 22 साल की नई नवेली दुल्हन की अचानक मौत हो गई। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई है।

घटना सोमवार रात बागोड़ा कस्बे की है, जिसका वीडियो अगले दिन सामने आया। मृतका दीपू की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। उसका पति दिलीप कुमार मुंबई में स्टील का कारोबार करता है। शादी के बाद दीपू पहली बार अपने ननिहाल में ममेरे भाई-बहन की शादी में शामिल होने आई थी।

परिवार के अनुसार, सोमवार रात बिंदौरी कार्यक्रम के दौरान डीजे पर सभी लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान दीपू भी डांस फ्लोर पर गई और राजस्थानी गानों पर करीब 10 मिनट तक नाची। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह वहीं गिर पड़ी। मौके पर मौजूद परिजनों ने तुरंत उसे संभाला और पास के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, यहां तक कि दिल की पंपिंग के लिए इंजेक्शन भी दिए गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया।

परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव परिवार को सौंप दिया। परिवार ने बताया कि दीपू के ममेरे भाई-बहन की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बेटी की शादी 28 अप्रैल को और बेटे की शादी 1 मई को होनी थी। ऐसे में यह दुखद घटना पूरे परिवार पर भारी पड़ गई। दीपू अपने माता-पिता और छोटी बहन के साथ सांचौर के सातड़ा गांव से आई थी। उसके पिता देवाराम एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। शादी के महज चार महीने बाद ही इस तरह अचानक हुई मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News