‘महागठबंधन’ पर जेतली का तंज, कहा- यह जांचा, परखा और विफल विचार

Saturday, Oct 06, 2018 - 05:49 PM (IST)

नेशनल डेस्क: वित्त मंत्री अरूण जेतली ने आज विपक्ष के महागठबंध पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भारत में ‘महागठबंधन’ जांचा, परखा और विफल विचार है और यदि ऐसा कोई गठबंधन फिर बनता है तो 2019 का चुनाव एक मजबूत नेता के नेतृत्व वाली स्थिर सरकार और एक ‘‘अराजक गठजोड़’’ के बीच मुकाबला होगा। 

महागठबंधन के इतिहास का किया जिक्र
जेतली ने वित्त मंत्री ने एचटी लीडरशिप समिट में 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने भारत में महागठबंधन के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि आपने इसे चंद्रशेखर के तहत देखा, वी पी सिंह के समय भी आंशिक रूप से इसे परखा गया, चौधरी चरण सिंह, आई के गुजराल और देवगौड़ा के समय भी इसे देखा गया। यह एक ऐसा प्रयोग है जहां नीतियों की हत्या हो जाती है और सरकार की उम्र महज कुछ महीनों की होती है। वित्त मंत्री ने कहा कि महागठबंधन जांचा, परखा और विफल विचार हैं जो सुनने में बेहद अच्छे लगते हैं। 


महज कुछ लोगों का नहीं होता गठबंधन
जेतली ने कहा कि एक बड़े गठबंधन के लिये आपका केंद्र बड़ा होना चाहिए और आपके साथ छोटे समूह खड़े होने चाहिए। आपका केंद्र महज कुछ लोगों का नहीं होना चाहिए और आपका गठबंधन उन राजनीतिक दलों का नहीं हो सकता जिनके हित क्षेत्रीय होते हैं। उन्होंने कहा कि आप उन दलों के साथ गठबंधन नहीं कर सकते जिनके नेता स्वतंत्र राय रखने वाले हैं या वे इसलिये गठबंधन में रहना चाहते हैं जिससे आपराधिक मामले बंद हो जाएं।


भारत तेजी से कर रहा वृद्धि
जेतली ने कहा कि इतिहास ने भारत को महान अवसर उपलब्ध कराया है। भारत वैश्विक मंदी और दूसरे कारकों के बावजूद लगातार तेजी से वृद्धि कर रहा है। इसलिये अभी हमें समन्वय, शासन और नीति की जरूरत है। यह समय नहीं है जब आप किसी अराजक गठबंधन को देखें। मेरा मानना है कि महत्वाकांक्षी समाज कभी खुदकुशी नहीं करता। इसलिये मुझे यह बहुत स्पष्ट है कि 2019 में क्या होगा। 
 

vasudha

Advertising