J&K : बडगाम में आतंकियो ने की TV एक्ट्रेस आमरीन भट्ट की हत्या, दस साल के भतीजे को भी लगी गोली

Wednesday, May 25, 2022 - 09:58 PM (IST)

श्रीनगरः कश्मीर संभाग के बडगाम में आतंकियों ने कायराना हमला किया है। उन्होंने एक टीवी अभिनेत्री को निशाना बनाकर फायरिंग की। गोली लगने से अभिनेत्री आमरीन भट्ट की मौत हो गई। उसके दस साल के भतीजे को भी गोली लगी है। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस ने बताया कि यह घटना शाम 7.55 बजे हाशरू चदूरा में घटित हुई। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने हशरू चदूरा निवासी खजीर मोहम्मद भट्ट की पुत्री आमरीन भट्ट की उसके घर पर गोली मार दी। घायल अवस्था में उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक इस घटना में आमरीन का 10 वर्षीय भतीजे के हाथ में गोली लगी है। आमरीन एक टेलीविजन कलाकार, टिक टॉकर और एक सोशल मीडिया फेसबुक काफी लोकप्रिय थी। 

पुलिस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘शाम करीब 19.55 बजे आतंकवादियों ने हुशरू चदूरा निवासी खज़ीर मोहम्मद भट्ट की पुत्री आमरीन भट्ट को उनके घर पर गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के समय उसका 10 साल का भतीजा भी घर पर ही था और उसके हाथ में गोली लगी है।'' 

पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर ए- तैयबा के तीन आतंकवादी इस जघन्य घटना में शामिल थे। पूरे इलाके को घेर लिया गया है और तलाशी अभियान जारी है। पुलिस ने इस संबंध में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है और अधिकारी इस आतंकवादी अपराध की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए काम कर रहे हैं। 

Pardeep

Advertising