J&K: शोपियां में टारगेट किलिंग, 2 प्रवासी मजदूरों की हत्या...लश्कर-ए-तैयबा का हाइब्रिड आतंकी पकड़ा

Tuesday, Oct 18, 2022 - 08:47 AM (IST)

नेशनल डेस्क: जम्मू-कश्मीर के शोपियां के हरमेन में आतंकवादियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेनेड हमले में उत्तर प्रदेश के दो मजदूरों की मौत हो गई है। जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों ने शोपियां के हरमेन में ग्रेनेड फेंका जिसमें उत्तर प्रदेश के कन्नौज निवासी दो मजदूरों मोनीष कुमार और राम सागर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

 

पुलिस के मुताबिक, आतंकियों ने पहले ग्रेनेड फेंके, उसके बाद उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, इसमें दोनों मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर दोनों मजदूरों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इस बीच पुलिस ने दावा किया है कि ग्रेनेड फेंकने वाले आतंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 

कश्मीर जोन के ADGP विजय कुमार ने बताया प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाइब्रिड आतंकी इमरान बशीर गनी जिसने शोपियां के हरमन में ग्रेनेड फेंका था, उसको शोपियां पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच और छापेमारी जारी है। घाटी में कश्मीरी पंडित पूरन भट की हत्या को लेकर लोगों का रोष अभी कम नहीं हुआ था कि आतंकियों ने एक और वारदात को अंजाम दे दिया। घाटी में पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियां फिर से बढ़ गई हैं।

Seema Sharma

Advertising