'भारत माता की जय से गूंज उठा लद्दाख, ITBP के जवानों ने 18 हजार फीट पर लहराया तिरंगा

Sunday, Jan 26, 2020 - 10:25 AM (IST)

नेशनल डेस्क: गणतंत्र दिवस के मौके पर इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस के जवानों ने बर्फ से लदी चोटियों के बीच तिरंगे की शान बनाए रखी। सेना के जवानों ने लद्दाख में 17 हजार फीट की ऊंचाई पर माइनस 20 डिग्री तापमान में भारतीय ध्वज लहराकर सलामी दी और गणतंत्र दिवस मनाया। सोशल मीडिया पर 17 हजार फीट की ऊंचाई पर इस तिरंगे की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हो रही हैं।

 

लद्दाख और कारगिल की खून जमा देने वाली ठंड में जांबाज जवानों का जोश कम नहीं दिखाई दे रहा है। वायरल हो रही वीडियो में भारतीय सेना के यह  हिमवीर तिरंगे को सलामी देते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के गीत गाते हुए सुनाई दे रहे हैं। जवानों के इस हौसले और साहस को पूरी दुनिया सलाम कर रही है। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।

गौरतलब है कि 17 हजार फीट की ऊंचाई पर सेना के जवान दुर्गम परिस्थितियों में भी डटे रहते हैं। इस इलाके को युद्ध क्षेत्र के लिहाज से दुनिया के सबसे मुश्किल इलाकों में माना जाता है। यहां तापमान शून्य से भी काफी नीचे रहता है। आईटीबीपी के जवानों ने बर्फ से ढकी चोटी पर पूरे नियम-कायदों के साथ तिरंगा लहराया और इसे सलामी दी।

 

vasudha

Advertising