26 सितंबर को आठ उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा इसरो

Wednesday, Sep 21, 2016 - 07:49 PM (IST)

बेंगलुरु: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) 26 सितंबर को आठ उपग्रहों का प्रक्षेपण करेगा। प्रक्षेपण 26 सितंबर को सुबह 9.12 बजे आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले लांच पैड से किया जाएगा। इस मिशन की खास बात यह है कि इसमें उपग्रहों को अलग-अलग ऊँचाई वाली कक्षाओं में स्थापित किया जाएगा।   


संगठन ने आज बताया कि इन उपग्रहों को ध्रुवीय स्थैतिक प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी)-सी35 से छोड़ा जाएगा। यह पीएसएलवी का 37वां प्रक्षेपण होगा जबकि एक्सएल मोड में यह पीएसएलवी की 15वीं उड़ान होगी। इसमें मुख्य उपग्रह स्कैटसैट-1 होगा जिसका वजन 377 किलोग्राम है। यह सामुद्रिक तथा मौसम संबंधी अध्ययन में सहायक होगा।  


इसके अलावा दो उपग्रह भारतीय विश्वविद्यालयों/संस्थानों के हैं जबकि अन्य पांच उपग्रह अल्जीरिया, कनाडा और अमेरिका के हैं। इन्हें ध्रुवीय सौर संयोजन कक्षा में स्थापित किया जायेगा। स्कैटसैट-1 को 720 किलोमीटर की ऊँचाई वाली कक्षा में तथा अन्य उपग्रहों को 670 किलोमीटर की ऊँचाई वाली कक्षा में स्थापित किया जाएगा। यह पहली बार है जब पीएसएलवी एक ही मिशन में उपग्रहों को दो अलग-अलग कक्षाओं में स्थापित करेगा।  

Advertising