PM मोदी का सपना जल्द होगा पूरा, 2022 में अंतरिक्ष में इंसान भेजेगा ISRO

Friday, Oct 26, 2018 - 01:38 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कई बार भारत को गौरवान्वित होने का मौका दिया है, अब एक बार फिर वह बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रह है। इसरो पहली बार किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रहा है। मानव मिशन 2022 के तहत वह अपने लक्ष्य को हासिल कर लेगा। 

इसरो के प्रमुख कैलाशवादिवू सीवन के अनुसार इसरो पहली बार 2022 में मनुष्य को अंतरिक्ष में भेजेगा, जबकि महात्वाकांक्षी चंद्रयान 2 परियोजना जनवरी या फरवरी 2019 में पूरी हो जायेगी। सीवन डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमने मनुष्य को अंतरिक्ष में भेजने की डेडलाइन तय कर दी है, यह 2021 के अंत में या 2022 की शुरूआत में हो सकती है। 


सिवन ने स्वदेशी अंतरिक्ष यान व भारतीय अंतरिक्ष यात्री सहित चंद्रयान-2 की महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करते हुए कहा कि इसरो कृषि, नेविगेशन, आपदा प्रबंधन व अन्य क्षेत्रों की ओर भी ध्यान दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा लांच किये गये डिजिटल इंडिया मिशन के तहत इसरो ग्रामीण और सुदूर इलाकों के लिये 100 जीबीपीएस का हाई स्पीड डेटा उपलबध कराने का प्रयास कर रहा है। इसके लिये अंतरिक्ष में चार संचार उपग्रह स्थापित किया जा रहा है। उनमें से एक इस साल स्थापित हुआ है जबकि तीन अन्य नवंबर, दिसंबर और अगले साल की शुरूआत में स्थापित हो जायेंगे।


बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसरो को अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए चार साल का वक्त दिया है। उन्होंनेे 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से कहा कि 2022 में जब देश आजादी की 75वां सालगिरह मना रहा होगा तब भारत का बेटा या बेटी अंतरिक्ष में होगा और तिरंगा लहराएगा।अगर यह होता है तो भारत दुनिया में चौथा ऐसा देश होगा जिसने मानवयान अंतरिक्ष में भेजा हो। फिलहाल अमेरिका, रूस और चीन ही मानवयान को अंतरिक्ष में भेजने में समर्थ हैं।  

vasudha

Advertising