मिशन चांद: ISRO ने लॉन्चिंग से पहले जारी की चंद्रयान-2 की तस्वीरें

Monday, Jul 08, 2019 - 02:03 PM (IST)

नेशनल डेस्क: 15 जुलाई की रात को जब देश गहरी नींद में होगा तो हमारा चंद्रयान-2 चांद की ओर बढ़ चुका होगा। यह पृथ्वी से चंद्रमा की ओर श्रीहरिकोटा से रवाना होगा। अब भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) ने चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग के ठीक एक हफ्ते पहले अपनी वेबसाइट पर चंद्रयान की तस्वीरें जारी की हैं।  


चद्रयान-2 चांद के दक्षिणी हिस्से पर लैंड करेगा, जहां आज तक किसी ने लैंडिंग नहीं की है। साथ ही यह पहला ऐसा अंतरग्रहीय मिशन होगा जिसकी कमान दो महिलाओं, प्रॉजेक्ट डायरेक्टर एम. वनीता और मिशन डायरेक्टर रितु करिधाल के पास है। चंद्रयान-2 के तीन हिस्से हैं, जिनके नाम ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) हैं। इस प्रोजेक्ट की लागत 800 करोड़ रुपए है। 


इसरो के मुताबिक ऑर्बिटर मिशन के दौरान चद्रयान-2 चांद का चक्कर लगाएगा और फिर चांद के साउथ पोल के पास लैंड होगा। चांद की सतह पर पहुंचने पर 6 पहियों वाला प्रज्ञान सतह छोड़ दिया जाएगा जहां यह एक्सपेरिमेंट करेगा। ये सब धरती पर बैठे इसरो के साइंटिस्ट कंट्रोल करेंगे। भारत के लूनर मिशन को आगे ले जाने के अलावा चंद्रयान दो अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद भी करेगा। यह अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा का एक एक्सपेरिमेंट भी लेकर जाएगा। 


इसरो ने चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग मार्च 2018 तय की लेकिन कुछ टेस्ट के लिए लॉन्चिंग को अप्रैल 2018 और फिर अक्टूबर 2018 तक टाला गया। इस बीच, जून 2018 में इसरो ने फैसला लिया कि कुछ जरूरी बदलाव करके चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग जनवरी 2019 तय हुई। 

vasudha

Advertising