युद्धविराम के कुछ दिन बाद ही लेबनान में फिर खून-खराबा, इजराइली हमले में कई सैनिकों की मौत
punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 04:45 PM (IST)
International Desk: दक्षिणी लेबनान में शनिवार को हुए एक इजराइली हवाई हमले में कई लेबनानी सैनिकों की मौत हो गई, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल है। इस हमले से कुछ ही दिन पहले ही दोनों पक्षों के बीच नया युद्धविराम समझौता हुआ था। लेबनानी सेना के अनुसार, हमला सुबह के समय नबातिये शहर और मरजायूं कस्बे को जोड़ने वाली सड़क पर हुआ। सेना ने मारे गए सैनिकों के नाम या पदों की जानकारी नहीं दी।
स्थानीय टीवी चैनलों की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले में सेना के दो जवान मारे गए, जिनमें एक ब्रिगेडियर जनरल भी शामिल हैं। हाल ही में अमेरिका की मध्यस्थता में इज़राइल और लेबनान सरकार के बीच हुई बातचीत के बाद संघर्ष विराम समझौता लागू हुआ था। लेबनान सरकार का आरोप है कि हिज्बुल्ला ने देश को युद्ध में धकेल दिया है और सरकार उसे निरस्त्र करने के प्रयास कर रही है। हालांकि, हिज्बुल्ला ने इस युद्धविराम को स्वीकार नहीं किया है।
