असम में संदिग्ध आईएस सदस्य गिरफ्तार

Friday, Feb 24, 2017 - 09:25 PM (IST)

गुवाहाटी : असम पुलिस ने कुख्यात आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट(आईएस) के लिए युवकों की भर्ती करवाने की गतिविधियों में संलिप्त एक संदिग्ध युवक को आज गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी आलमगिर को करीमगंज जिले के बादरपुर से गिरफ्तार किया गया है। आलगगिर ने वर्ष 2013 में बांग्लादेश से लौटने के बाद काफी संपत्ति जमा कर ली थी।

आलमगिर ने पहली बार 1998 में बांग्लादेश में प्रवेश किया था और ढाका में रह रहा था, जहां से उसने बांग्लादेश का एक फर्जी पासपोर्ट भी बनवा कर रखा था। इसी पासपोर्ट के जरिए वह सिंगापुर गया था और वहां 2008 तक काम किया। इसके बाद वह बादरपुर लौटा और एक स्थानीय युवती से शादी भी कर ली थी।

उन्होंने बताया कि आलमगिर पर आरोप है कि वह कथित रुप से आईएस के लिए युवकों की भर्ती करने का प्रयास कर रहा था। उस पर यह भी आरोप है कि उसने आठ स्थानीय युवकों को प्रशिक्षण के लिए मलेशिया भी भेजा था। सूत्रों ने बताया कि आरोपी की गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए उससे पूछताछ की जाएगी।

Advertising