महाराष्ट्र में आईआरबी जवान ने तीन लोगों की गोली मारकर की हत्या

Wednesday, Jan 17, 2018 - 12:40 AM (IST)

पुणेः महाराष्ट्र के पुणे में एक सनकी आईआरबी जवान ने दो ने दो जगहों पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पहले उसने एक चौराहे पर जाकर गोलीबारी की और फिर एक बाजार में जाकर गोलियां चलाई। पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। 

पुलिस ने बताया कि आरोपी संजय बलिराम शिंदे को बाद में जिले में शिरूर के पास सूपा गांव में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि शिंदे ने दौंण नगर में दो अलग अलग स्थान नगर मोरी और बोरवाके नगर में गोलीबारी करके तीन व्यक्तियों की हत्या कर दी।  कोल्हापुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विश्वास नागरे पाटिल ने कहा, ‘‘शुरू में पुलिस ने सोचा कि वह अपने मकान में छुपा हुआ है। जब एक पुलिस निरीक्षक ने उससे फोन पर बात की तो उसने पुलिस को भ्रमित किया कि वह सोलापुर की ओर जा रहा है।’’  

नागरे पाटिल ने कहा, ‘‘यद्यपि उसके फोन की लोकेशन ने उसके झूठ का खुलासा कर दिया क्योंकि उससे पता चला कि वह शिरूर की ओर जा रहा है। उसे सूपा से गिरफ्तार कर लिया गया और उसके कब्जे से नौ एमएम की एक पिस्तौल और दो मैगजीन जब्त की गई।’’ नागरे पाटिल ने बताया कि शिंदे ने पुलिस अधिकारी को फोन पर बताया कि उसने जिन लोगों को गोली मारी उनमें से एक के साथ उसका पैसे से संबंधित विवाद था।’’  

नागरे पाटिल ने कहा, ‘‘दो व्यक्तियों की हत्या करने के बाद वह मौके से चला गया और एक अन्य व्यक्ति की हत्या कर दी जिससे उसका पहले का कोई विवाद था।’’ मृतकों की पहचान अमोल जाधव, गोपाल शिंदे और प्रशांत पवार के तौर पर हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद दौंण में तनाव का माहौल था क्योंकि नागरिक संदिग्ध के मकान के बाहर एकत्रित हो गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘एसआरपीएफ कंपनियां और पुणे से अतिरिक्त बल को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति नियंत्रित करने के लिए बुलाया गया है।’’  
 

Advertising