आजम खान के बयान पर भड़की स्मृति ईरानी, बोली- MP यहां आंखों में आंखें नहीं डालने आते

Friday, Jul 26, 2019 - 02:34 PM (IST)

नई दिल्ली: लोकसभा में चर्चा के दौरान भाजपा सांसद रमा देवी पर सपा सांसद आजम खान के दिए विवादित बयान को लेकर शुक्रवार को काफी हंगामा हुआ। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने आजम खान को निलंबन करने की मांग की। भाजपा के साथ कई अन्य दलों के सदस्यों ने भी आजम खान के बयान का विरोध किया। कई वरिष्ठ मंत्रियों और सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा शुक्रवार को शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाए जाने पर बिरला ने कहा कि मैंने आप सबकी बात सुनी है। सभी दलों के नेताओं के साथ बैठक बुलाकर इस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

वहीं इस दौरान केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने कहा कि मेरे सात साल के संसदीय कार्यकाल में आज तक किसी पुरुष ने सदन में इस तरह की हिमाकत नहीं की। उन्होंने कहा कि यह ऐसा सदन नहीं कि जहां पुरुष किसी महिला की आंखों में झांकने के लिए आते हैं। स्मृति ने कहा कि यह विषय महिला का नहीं है। इस सदन में और दूसरे सदन में भी कई पुरुषों ने अपने सामाजिक, राजनीतिक कार्यकाल में महिलाओं के संरक्षण के लिए आवाज उठाई है। यह महिला नहीं, पुरुषों का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि कैसे सदन को शर्मसार किया गया। उन्होंने कहा कि अगर महिला के साथ ऐसी बदतमीजी सदन के बाहर होती, तो वह पुलिस का संरक्षण मांगती। हम चुपचाप बैठकर मूकदर्शक नहीं बन सकते।

तृणमलू कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी ने कहा कि जो महिला का सम्मान नहीं जानता, वह देश की संस्कृति नहीं जानता है। जब लक्ष्मण राम के साथ वनवास में थे, तो उन्होंने कभी भी सीता जी का मुंह नहीं देखा। वह सीताजी के पांव देखते थे। जो बोला गया, वह अच्छा नहीं है। यह महिलाओं की भावनाओं को आहत करने वाला है। उल्लेखनीय है कि लोकसभा में गुरुवार को चर्चा के दौरान शिवहर बिहार से सांसद रमा देवी बतौर पीठासीन अधिकारी की कुर्सी पर बैठी हुई थीं। तब आजम ने कहा कि आप मुझे इतनी अच्छी लगती हैं कि मेरा मन करता है आपकी आंखों में आंखें डाले रहूं। आजम के इस बयान पर रमा देवी ने आपत्ति जताई। स्पीकर ओम बिड़ला ने आजम से माफी मांगने को कहा। इसके बाद आजम ने रमा देवी को अपनी प्यारी बहन बताया।

Seema Sharma

Advertising