ईरान की ट्रंप को बॉलीवुड स्टाइल में धमकी: “सिर्फ ट्रेलर देखा…पिक्चर अभी बाकी”! ‘रेड बीज़’ से दिखाई अपनी ताकत
punjabkesari.in Tuesday, Apr 14, 2026 - 01:40 PM (IST)
International Desk: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच मुंबई स्थित ईरान के वाणिज्य दूतावास ने अनोखे अंदाज में जवाब दिया है। दूतावास ने बॉलीवुड अभिनेता Shah Rukh Khan के मशहूर डायलॉग “ सिर्फ ट्रेलर देखा... पिक्चर तो अभी बाकी है” का इस्तेमाल करते हुए अमेरिका को चेतावनी दी।
यह प्रतिक्रिया अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान की नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है। इसके जवाब में ईरान ने कहा कि उसकी तेज रफ्तार मिसाइल बोट्स, जिन्हें “Persian Gulf की रेड बीज़” कहा जाता है, अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुई हैं और वे किसी भी समय जवाब देने के लिए तैयार हैं।
ईरान ने यह भी संकेत दिया कि उसकी “स्वार्म टैक्टिक्स” (झुंड में हमला करने की रणनीति) अमेरिकी नौसेना के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। इस बयान को अमेरिका के लिए एक अप्रत्यक्ष चेतावनी माना जा रहा है। दूसरी ओर, Donald Trump ने कहा कि ईरान खुद अमेरिका से संपर्क कर रहा है और वह एक समझौता करना चाहता है। उन्होंने कहा कि यह बातचीत मुख्य रूप से परमाणु हथियारों को लेकर है और अमेरिका की साफ शर्त है कि ईरान कभी भी परमाणु हथियार नहीं बना सकता।
ट्रंप ने उपराष्ट्रपति JD Vance, अपने दामाद जैरेड कुशनर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बातचीत में अच्छा काम किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान अंततः अमेरिका की शर्तें मान लेगा। ट्रंप ने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने परमाणु हथियारों को लेकर अमेरिका की शर्त नहीं मानी, तो कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने यहां तक कहा कि अमेरिका अपने हितों को किसी भी तरह से सुरक्षित करेगा। इस पूरे घटनाक्रम से साफ है कि हॉर्मुज़ और खाड़ी क्षेत्र में तनाव सिर्फ सैन्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि बयानबाजी के स्तर पर भी तेजी से बढ़ रहा है।
