Apple के पहले फोल्डेबल ''iPhone Duo'' की भारी किल्लत, ब्लैक मार्केट में MRP से 1 लाख रुपये तक ज्यादा वसूल रहे रिटेलर्स
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 08:45 AM (IST)
नई दिल्ली: भारत में Apple के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन 'iPhone Duo' की भारी किल्लत चल रही है। कम सप्लाई का फायदा उठाकर कुछ रिटेलर्स इसे ब्लैक मार्केट में इसकी आधिकारिक कीमत से 1 लाख रुपये तक ज्यादा दाम पर बेच रहे हैं। एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, कई दुकानदारों ने असली कीमत पर फोन देने के बजाय ग्राहकों से प्रीमियम वसूलना शुरू कर दिया है।
दिल्ली-एनसीआर में 4 लाख तक पहुंच गई कीमत
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के कई स्टोर मालिकों का कहना है कि उन्हें केवल 10 यूनिट ही मिली हैं। ऐसे में वे बेस वेरिएंट (256GB स्टोरेज), जिसकी आधिकारिक कीमत 2,99,900 रुपये है, पर 70,000 से 1 लाख रुपये तक अतिरिक्त मांग रहे हैं। जो ग्राहक यह बढ़ा हुआ पैसा देने को तैयार नहीं हैं, उन्हें बेहतर सप्लाई का इंतजार करना पड़ रहा है।
AIMRA ने क्या कहा?
देशभर के 1.5 लाख से ज्यादा मोबाइल रिटेलर्स का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था AIMRA (All India Mobile Retailers Association) के अनुसार, नए आईफोन लाइनअप की डिमांड बहुत ज्यादा है, लेकिन शुरुआती स्टॉक बहुत सीमित है। कुछ बड़े रिटेलर्स को 100 यूनिट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उन्हें सिर्फ 5 से 7 यूनिट ही मिल पाईं। इस वजह से दुकानदार न तो डिलीवरी की सही तारीख बता पा रहे हैं और न ही पक्की प्री-बुकिंग ले पा रहे हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि कई रिटेलर्स अपने 10-20 साल पुराने और भरोसेमंद ग्राहकों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं ले रहे हैं और उन्हें सिर्फ MRP पर ही फोन दे रहे हैं।
अमेरिका में भी मची है लूट
सप्लाई की यह कमी सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। अमेरिका में भी eBay पर 'iPhone Duo' को 1,800 डॉलर (लगभग 1.5 लाख रुपये) तक के प्रीमियम पर रीसेल किया जा रहा है।
