कांगो में भारतीय शांति रक्षकों पर विद्रोहियों का हमला, 3 विद्रोही ढेर

Monday, Oct 09, 2017 - 08:16 PM (IST)

नई दिल्ली: अफ्रीकी देश कांगो में संयुक्त राष्ट्र के तहत तैनात भारतीय शांति रक्षकों पर विद्रोहियों ने हमला किया लेकिन उनकी सतर्कता की वजह से इस हमले को नाकाम कर दिया गया। यहां थलसेना के प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि कांगो के उत्तरी कीवू प्रांत में लुबेरो चौकी पर करीब 30 विद्रोहियों के एक दल ने हमला किया था लेकिन भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की जिससे तीन हमलावर मारे गए और एक घायल हो गया। इस हमले में दो भारतीय शांति रक्षक भी घायल हुए।


प्रवक्ता ने बताया कि यह हमला माई माई गुट के लोगों ने किया था। यह गुट हाल मेंं कांगो के सैन्य ठिकानों पर हमले कर रहा था। लुबेरो क्षेत्र उत्तरी कीवू प्रांत के मुख्य शहर गोमा से 300 किलोमीटर दूर है। कांगो में संयुक्त राष्ट्र के तहत शांति रक्षकों की तैनाती नागरिकों की रक्षा के लिए की गई है। उत्तरी कीवू प्रांत में दर्जनों गांवों पर गैर-कानूनी हथियारबंद विद्रोहियों का कब्जा है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल दिसम्बर में कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद राष्ट्रपति जोसेफ कबीला द्वारा पद छोडऩे से इनकार करने की वजह से कांगो के पूर्वी इलाके में अशांति का माहौल है। कांगो में संयुक्त राष्ट्र का सबसे बड़ा शांतिरक्षक दल है जिसमें भारतीय सैनिकों की संख्या सबसे अधिक 2,664 है।
 

Advertising