BJP के पूर्व नेता की बेटी की शादी आज, रेड्डी परिवार बोला-हर खर्च का बिल दिखाएंगे

Wednesday, Nov 16, 2016 - 10:04 AM (IST)

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मंत्री और उद्योगपति जनार्दन रेड्डी की बेटी ब्राह्मणी की आज शादी है। सभी की नजरें इस शादी पर हैं क्योंकि जहां एक तरफ आम आदमी पैसों की किल्लत झेल रहा है और इसके चलते कईयों ने अपने बच्चों की शादी की तारीखे भी आगे बढ़ा दी हैं ऐसे में भाजपा के मंत्री की बेटी की इस शाही शादी पर सबकी निगाहें टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक इस शादी में करीब 100 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा ने अपनी पार्टी नेताओं से इस शादी से दूर रहने को कहा है। जूसरी तरफ इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भी इस शादी पर नजर रख रहा है। 49 साल के जी. जर्नादन रेड्डी 2008 से 2011 के बीच भाजपा के पूर्व नेता रहे हैं।

खनन घोटाले में इन्हें 3 साल तक जेल भी जाना पड़ा था। रेड्डी को पिछले साल ही बेल मिली थी। रेड्डी परिवार का कहना है कि वे शादी खत्म होने के बाद खर्चे के सभी बिल दिखाएंगे। शादी के सभी पेमेंट चेक के जरिए किए गए हैं और किए जाएंगे। रेड्डी के हवाले से कहा गया है कि उन्होंने बेंगलुरु और सिंगापुर में प्रॉपर्टी गिरवी रखी है। छह महीने पहले सारा पेमेंट कर दिया गया था। बता दें कि रेड्डी ने अपनी बेटी के शादी के इनविटेशन के लिए एलसीडी स्क्रीन प्लैइंग कार्ड बनवाया है। ये बॉक्स में आता है। जैसे ही इसे खोलते हैं,सबसे पहले वर-वधू का नाम आता है फिर जनार्दन रेड्डी और उनकी पत्नी ‘अतिथि देवो भव:’ गाते हुए दिखते हैं।

यह शादी बेंगलुरु पैलेस ग्राउंड में होगी। शादी में आने वाले मेहमानों को गेट से अंदर तक 40 लग्जरी बैलगाड़ियों में बैठाकर ले जाया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस शादी में 50,000 लोगों के लिए अरेंजमेंट किए गए हैं। इस पूरे शादी स्थल की सिक्युरिटी के लिए करीब 3000 सिक्युरिटी पर्सनल्स को लगाया गया है।

Advertising