Indore: सुबह-सुबह मचा हड़कंप, EV शोरूम में भयानक आग से कई वाहन जलकर राख... ऊपर फंसे लोगों को सीढ़ी और रस्सियों से निकाला

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 12:32 PM (IST)

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में शुक्रवार सुबह एक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शोरूम में लगी आग ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। हादसा लसूड़िया इलाके के खालसा चौक के पास स्थित एक बहुमंजिला इमारत में हुआ, जहां ग्राउंड फ्लोर पर शोरूम और ऊपर आवासीय फ्लैट बने हुए थे।

सुबह करीब 7 बजे अचानक शोरूम से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। उस समय ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग अपने घरों में सो रहे थे। कुछ ही देर में धुआं फ्लैटों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और वे घबराकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। जब लोगों ने नीचे देखा तो पाया कि आग ने नीचे के हिस्से और सीढ़ियों को अपनी चपेट में ले लिया है। 

चश्मदीदों ने बताया कि शोरूम के बगल में बनीं सीढ़ियां भी आग और धुएं की जद में आ गईं जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोग नीचे नहीं उतर पा रहे थे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस की एक बहुमंजिला इमारत के निवासी सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने आग में फंसे लोगों को छत पर पहुंचने के लिए कहा, फिर दोनों इमारतों के बीच सीढ़ियां जोड़कर अस्थायी रास्ता तैयार किया गया।

चश्मदीदों ने बताया कि कुछ लोग सीढ़ियों के सहारे पड़ोस के भवन की छत तक पहुंचे, जबकि कुछ व्यक्तियों को रस्सियों की मदद से सुरक्षित नीचे उतारा गया। अग्निशमन विभाग के उप निरीक्षक बलजीत हुड्डा ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। हुड्डा ने इसका खुलासा नहीं किया कि ईवी शोरूम-सह-मरम्मत केंद्र किस कंपनी का था। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण और नुकसान के सटीक आकलन के लिए जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News