श्रीनगर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो का विमान
punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 11:17 AM (IST)
नई दिल्ली: श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इंडिगो एयरलाइंस का एक यात्री विमान लैंडिंग के दौरान रनवे के पास मौजूद एक खंभे लाइट पोल से टकरा गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान इंडिगो का एक विमान उस पोल से टकरा गया जिस पर विज़ुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) डिस्प्ले यूनिट और उससे जुड़े लेज़र या कैमरा सेंसर लगे होते हैं। एक बयान के अनुसार, सुबह करीब 9:02 बजे, नवी मुंबई से श्रीनगर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 (VT-NOG) श्रीनगर एयरपोर्ट पर बे नंबर 06 पर पार्क होते समय VDGS पोल से टकरा गई। श्रीनगर एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, सभी यात्री और क्रू मेंबर सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यात्रियों और क्रू को मैनुअल सीढ़ियों का इस्तेमाल करके सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाला गया।
अधिकारियों ने कहा कि घटना की जानकारी और परिस्थितियों की जांच तय प्रक्रियाओं के अनुसार संबंधित अधिकारियों द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही सही वजह का पता चलेगा और अभी इस चरण में किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता है। इस बीच, एयरपोर्ट का कामकाज सामान्य है और फ्लाइट्स का आना-जाना तय समय के अनुसार हो रहा है। यह घटना दोहा से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट किए जाने के एक दिन बाद हुई है, जब पायलट-इन-कमांड ने अस्वस्थ महसूस करने और तुरंत मेडिकल मदद की ज़रूरत होने की सूचना दी थी। मस्कट में लैंडिंग के बाद फ्लाइट 6E 1302 के पायलट को मेडिकल टीम ने देखा, बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया और अभी उनकी सेहत ठीक है।
इंडिगो ने बेंगलुरु से मस्कट के लिए एक वैकल्पिक विमान और यात्रियों के लिए क्रू सदस्यों का एक नया सेट भेजा ताकि वे अपनी मंज़िल तक का सफ़र जारी रख सकें। बयान में कहा गया है कि इंडिगो की फ्लाइट 6E 1302 को "ऑपरेटिंग क्रू सदस्यों में से एक को तुरंत मेडिकल मदद की ज़रूरत होने के कारण" डायवर्ट किया गया था। इसमें आगे कहा गया, "लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने संबंधित क्रू सदस्य को देखा और अब वे बेहतर महसूस कर रहे हैं। बेंगलुरु की यात्रा जारी रखने के लिए नए क्रू के साथ एक वैकल्पिक विमान का इंतज़ाम किया गया है।" एयरलाइन ने यह भी कहा कि वह मस्कट में इंतज़ार कर रहे यात्रियों को रिफ्रेशमेंट और नियमित अपडेट दे रही है।
