वायरल वीडियो: थाईलैंड से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ़्लाइट बनी ''लोकल ट्रेन''- सोशल मीडिया पर गुस्सा
punjabkesari.in Friday, Oct 09, 2026 - 07:32 AM (IST)
नई दिल्ली: थाईलैंड के क्रैबी शहर से नई दिल्ली आ रही इंडिगो (IndiGo) की एक अंतरराष्ट्रीय फ़्लाइट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में फ़्लाइट के अंदर का नज़ारा किसी पैसेंजर ट्रेन या 'लोकल ट्रेन' जैसा दिखाई दे रहा है। केबिन क्रू के बार-बार मना करने और सीट पर बैठने के अनुरोध के बावजूद यात्रियों का एक समूह गलियारे में खड़ा होकर आपस में बातचीत करता रहा और एक-दूसरे को खाना बांटता दिखा।
सीटबेल्ट साइन चालू होने पर भी घूमते रहे यात्री
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंस्टाग्राम यूज़र नीरज प्रियंका चौधरी ने अपने कैमरे में कैद किया। नीरज के अनुसार, सीट नंबर 1 से 5 में बैठे यात्रियों का एक बड़ा समूह लगातार शोर-शराबा कर रहा था। जब हवा के दबाव में बदलाव (turbulence) के कारण पायलट ने सीटबेल्ट का साइन ऑन कर दिया, तब भी ये लोग अपनी सीटों पर बैठने के बजाय गलियारे में खड़े रहे। कुछ यात्री तो अपनी सीट पर खड़े होकर पीछे वाली सीट के लोगों से ज़ोर-ज़ोर से हंसते हुए बातें कर रहे थे।
केबिन क्रू की बेबसी आई सामने
वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि इंडिगो के दो क्रू मेंबर्स यात्रियों को संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लोग निर्देशों को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ कर रहे थे। जब शिकायतकर्ता नीरज ने एयरलाइन स्टाफ़ से इस बारे में बात की, तो क्रू मेंबर ने अपनी बेबसी जताते हुए कहा, "सर, ये लोग सुन ही नहीं रहे हैं।" क्रू ने यात्रियों से यह भी कहा कि टर्बुलेंस के कारण सीटबेल्ट बांधकर बैठना ज़रूरी है, लेकिन यात्रियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
वीडियो पोस्ट करते हुए नीरज ने लिखा कि उन्हें लोगों के फ़्लाइट में खाना खाने से कोई परेशानी नहीं है, बल्कि समस्या इस बात से है कि लोग बुनियादी नागरिक समझ (civic sense) और सुरक्षा नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे। उनके इस रवैये से आस-पास बैठे अन्य यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर गुस्सा और नो-फ़्लाई लिस्ट की मांग
इंटरनेट पर यह वीडियो आते ही लोगों ने यात्रियों के इस गैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार पर कड़ा गुस्सा जताया। कई यूज़र्स ने मज़ाक उड़ाते हुए कहा कि विमान को 'लोकल ट्रेन' बना दिया गया है। वहीं, कई लोगों ने डीजीसीए (DGCA) और एयरलाइन से मांग की कि ऐसे उपद्रवी और नियम तोड़ने वाले यात्रियों को 'नो-फ़्लाई लिस्ट' (No-Fly List) में डाला जाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई ऐसी लापरवाही न करे। इस पूरे मामले पर इंडिगो एयरलाइन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
