चीन-भारत अपने देश की प्रगति से खुश, ब्रिटेन, अमरीका असंतुष्ट

Tuesday, Aug 15, 2017 - 05:16 PM (IST)

लंदनः 26 देशों के नागरिकों के बीच किए गए एक सर्वे के अनुसार चीन, भारत और सऊदी अरब के लोग अपनी-अपनी राष्ट्र की गति से सबसे अधिक संतुष्ट हैं। अंतर्राष्ट्रीय मार्केट रिसर्च संस्ता आईपीएसओएस द्वारा किए जाने वाले मासिक सर्वे “व्हॉट वरीज द वर्ल्ड” (दुनिया की समस्या) से पता चला कि सर्वे में शामिल 26 देशों में से ज्यादातर को ये लगता है कि उनका देश गलत दिशा में जा रहा है।

हालांकि अपने देश को सकारात्मक राय सबसे ज्यादा चीनियों में देखी गई जहां सर्वे में शामिल 87 प्रतिशत लोगों का मानना था कि उनका देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। वहीं सर्वे में शामिल 74 प्रतिशत भारतीयों का मानना था कि देश सही राह पर आगे बढ़ रहा है। सर्वे में शामिल 71 प्रतिशत सऊदी अरब निवासियों की भी अपने देश को चीनियों और भारतीयों जैसी ही राय थी।

एशियाई देशों के उलट मेक्सिको के केवल आठ प्रतिशत लोगों का मानना था कि उनका देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। दक्षिण अफ्रीका के नौ प्रतिशत, ब्राजिल के 12 प्रतिशत, इटली के 14 प्रतिशत और हंगरी के केवल 21 प्रतिशत लोगों को लगा कि उनका देश सही राह पर आगे बढ़ रहा है। अमरीका, ब्रिटेन, स्वीडन, फ्रांस, जर्मनी, जापान और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में 50 प्रतिशत से ज्यादा लोगों का मानना था कि उनका देश गलत दिशा में जा रहा है।

Advertising