संरा शांति रक्षा अभियान में तैनात भारतीय दल को पदक

Friday, Jun 22, 2018 - 11:50 PM (IST)

नई दिल्ली : सेना ने शुक्रवार को बताया कि 7 गढ़वाल राइफल्स इंफैन्ट्री बटालियन ग्रुप को दक्षिण सूडान में शांति रक्षा अभियान में ‘नि:स्वार्थ सेवा’ करने के लिए संयुक्त राष्ट्र पदक प्रदान किया गया। दक्षिण सूडान में संयुक्त राष्ट्र अभियान के कमांडर ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अल मासूम और विभिन्न देशों के कई वरिष्ठ कमांडरों समेत सेना के कई अधिकारी कल आयोजित हुए समारोह में शामिल हुए।

मासूम ने अपने संबोधन में कहा , ‘भारतीय बटालियन ने जोंगली प्रांत में शांति एवं स्थिरता सुनिश्चित करने में सक्रिय और निर्णायक भूमिका अदा की। मैं सेवा के लिए संयुक्त राष्ट्र शांति रक्षा पदक से सम्मानित करते हुए दल के प्रत्येक सदस्य को बधाई देता हूं।’ संयुक्त राष्ट्र के शांति रक्षा अभियानों में भारत का अहम योगदान है। संयुक्त राष्ट्र की शांति रक्षा अभियानों की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के अनुसार , दुनियाभर में 14 अभियानों में भारत के 6,000 सैनिक हैं।

Punjab Kesari

Advertising