अमेरिका में भारतीय छात्र को हो सकती है 10 साल की सजा
Saturday, Apr 20, 2019 - 10:36 AM (IST)
न्यूयार्क: अमरीका के न्यूयार्क राज्य की राजधानी अल्बानी स्थित द कालेज ऑफ सेंट रोज में एक आंध्र प्रदेश के रहने वाले भारतीय छात्र ने 58 हजार डॉलर से अधिक मूल्य के 66 संरक्षित कम्प्यूटरों को ‘यू.एस.बी. किलर’ उपकरण का इस्तेमाल कर जानबूझ कर क्षतिग्रस्त करने के मामले में गलती स्वीकार कर ली है।
छात्र वीजा पर अमरीका में रह रहे 27 वर्षीय विश्वनाथ अकुथोटा को इस साल फरवरी में उत्तर कैरोलीना में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वह हिरासत में हैं। विश्वनाथ को 10 साल तक की सजा और 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना हो सकता है।
अमरीका के अधिवक्ता ग्रांट जैकीथ ने कहा कि अकुथोटा ने गलती स्वीकार कर ली है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसकी इस कार्रवाई से 58,470 डॉलर का नुक्सान हुआ है और इसकी भरपाई के लिए मुआवजा कालेज को देने को तैयार है।